लखनऊ। बुलंदशहर हिंसा मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस मामले में सरकार ने जो कदम उठाए हैं, उसके लिए सराहना होनी चाहिए. इसके साथ ही सीएम योगी ने इस घटना को उनके सरकार के खिलाफ 'राजनीतिक साजिश' करार दिया है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस साजिश को बेनकाब करने में कामयाब रही. बुलंदशहर में गोकशी के शक के बाद हिंसा फैल गई थी, जिसमें एक इंस्पेक्टर सहित दो लोगों की मौत हो गई थी। सीएम योगी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, 'बुलंदशहर की घटना एक साजिश थी. साजिश का पर्दाफाश हो चुका है। यह साजिश वही लोग कर रहे हैं, जिन लोगों ने प्रदेश में जहरीली शराब बनाकर, यहां के लोगों को मारने का प्रयास किया था। यह राजनीतिक षड़यंत्र था और ये षड़यंत्र वही लोग करते हैं जो कायर हैं. जो आमने-सामने किसी चुनौती को लेने की स्थिति में नहीं हैं।
इसके साथ ही सीएम योगी ने कहा, 'निर्दोष लोगों को वे लोग अपनी साजिश का शिकार बनाना चाहते हैं। प्रदेश सरकार ऐसी किसी भी साजिश को कामयाब नहीं होने देगी. ऐसे में प्रशासन सख्ती के साथ निपटेगी और निपट रही है। बुलंदशहर की घटना में शासन और प्रशासन दोनों सख्ती से पेश आई हैं. कानून के दायरे में रहकर प्रदेश सरकार ने एक बड़ी साजिश को बेनकाब किया है। वे लोग दंगा कराना चाहते थे, गोकशी करके अराजकता फैलाना चाहते थे। एक बड़ी साजिश को बेनकाब करने के लिए प्रदेश सरकार की सराहना करनी चाहिए। जो लोग इसको लेकर बयानबाजी कर रहे हैं वे अपनी विफलता छुपा रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहले भी बुलंदशहर हिंसा को 'एक दुर्घटना' बताया था। बता दें बुलंदशहर हिंसा और इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या का मुख्या आरोपी अभी भी फरार है. पुलिस उसकी तलाश नहीं कर पाई है। इसके अलावा यूपी पुलिस की इस मामले में एक और लापरवाही सामने आई है. पुलिस ने गोकशी मामले में चार निर्दोष लोगों को गिरफ्तार कर लिया था, अब 17 दिन बाद उन्हें खुद बेगुनाह बताया है और कहा कि उनकी रिहाई के लिए वह खुद कोर्ट जाएगी।

No comments:
Post a Comment