हमारे वेब चैनल को खबरें एवं विज्ञापन देने हेतु सम्पर्क करें - 9454274470

LightBlog

Breaking

Saturday, August 11, 2018

पूर्व की भाँति इस बार एनडीए के साथ मिल कर चुनाव लड़ेंगे

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों के खुश न होने के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उसके सभी घटक दल एकजुट हैं. एनडीए में किसी भी तरह का कोई मतभेद या दरार नहीं है. उन्होंने अपने दावे के पक्ष में जेडीयू सांसद हरिवंश नारायण सिंह को राज्यसभा के उपसभापति पद के लिए एनडीए की ओर से उतारने के फैसले का जिक्र किया।
शाह ने मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी एकजुटता पर चुटकी ली. भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की एकजुटता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की बात की जा रही है, लेकिन मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव और राज्यसभा उपसभापति चुनाव में जो हुआ, उसको सबने देखा है. शाह ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोई ठोस वजह नहीं थी।

विपक्षी दलों के सांसदों को अपने पक्ष में लाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग दल से ऊपर उठकर भी वोट करते हैं. नीतीश कुमार के साथ विरोध और फिर दोस्ती करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नीतीश ने तय किया कि उनको भ्रष्टाचार के साथ नहीं रहना है और वो हमारे साथ आ गए।

जब उनसे कहा गया कि बीजेपी हर राज्य में तेजी से विस्तार कर रही है, जिससे सहयोगी दल अपने अस्तित्व को लेकर आशंकित हैं. इस पर अमित शाह ने कहा, हम हर बूथ पर भाजपा को मजबूत करना चाहते हैं, ताकि हम अपने सहयोगियों को चुनाव में जिता सकें. भाजपा मजबूत होगी, तो सहयोगी पार्टियों को चुनाव जीतने में भी मदद मिलेगी।
जब भाजपा अध्यक्ष से पूछा गया कि अगर एनडीए में मतभेद नहीं हैं, तो नरेश गुजराल और संजय राउत क्यों कह रहे हैं कि भाजपा को चुनाव जीतने के लिए वाजपेयी जैसे व्यवहार करने की जरूरत है? इस पर शाह ने कहा, 'मैं विश्वास के साथ कहना चाहता हूं कि एनडीए के सारे घटक दल भाजपा के साथ हैं. एनडीए में मतभेद की अफवाह फैलाने वालों को कुछ हासिल नहीं होने वाला है. राज्यसभा और लोकसभा में एनडीए के घटक दलों ने जाकर बीजेपी के पक्ष में वोट देकर यह साबित भी किया है कि एनडीए में कोई मतभेद नहीं है. हमने बहुमत हासिल करने के बावजूद सहयोगी दलों को साथ रखा।
जब अमित शाह से पूछा गया कि पीएम मोदी ने विपक्ष से 2024 में फिर से अविश्वास प्रस्ताव लाने को कहा है. क्या इसका मतलब यह है कि फिर से मोदी सरकार बनेगी? इस पर अमित शाह ने कहा कि देश की जनता 2019 में फिर से मोदी को बहुमत देगी. हम जनता के पास पिछले पांच साल के कामकाज का हिसाब और अगले पांच साल का खाका लेकर जाएंगे. जनता की आंखें और भाव सब बयां कर देते हैं कि वो मोदी को फिर से जिताने जा रही है।
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी 2019 के लोकसभा चुनाव में 2014 से भी ज्यादा बड़ा बहुमत हासिल करेगी. देश की जनता मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मन बना चुकी है. हमें इसे लेकर कोई संदेह नहीं है. शाह ने बैंकों के साथ धोखाधड़ी के आरोपी मेहुल चोकसी और नीरव मोदी के देश से भागने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि उनके खिलाफ मोदी सरकार की लगातार कार्रवाई से सुनिश्चित होगा कि देश में अब कम चोर होंगे। 

No comments: