हमारे वेब चैनल को खबरें एवं विज्ञापन देने हेतु सम्पर्क करें - 9454274470

LightBlog

Breaking

Wednesday, December 26, 2018

एनडीए के सहयोगी और सिक्किम के सांसद बोले, धुंधला पड़ रहा है पीएम मोदी का करिश्मा

केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए के सहयोगी और सिक्किम के एकमात्र सांसद पीडी राय ने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का करिश्मा धुंधला पड़ता जा रहा है और अगर विपक्ष का महागठबंधन बन गया तो 2019 के लोकसभा चुनावों में वापसी बहुत मुश्किल होगी। सिक्किम डेमाक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के नेता पीडी राय ने कहा कि हम बतौर क्षेत्रीय पार्टी अगला चुनाव जरूर जीतेंगे, लेकिन राष्ट्रीय परिदृश्य को देखते हुए मुझे लगता है कि मोदीजी का करिश्मा धुंधला गया है। भाजपा ने जिस तरह भेदभाव की नीति के साथ काम किया है, उसके परिणाम अब सामने आ रहे हैं।

दो बार के सांसद राय ने यह भी कहा, संसद की कार्यवाही न चलना हमारे जैसे छोटे दलों को प्रभावित कर रहे हैं और हमारे अधिकार बड़े दलों द्वारा रौंदे जा रहे हैं। हाल में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए राय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को छोड़कर कांग्रेस मध्य प्रदेश व राजस्थान में बहुत ही मामूली अंतर से जीती है, लेकिन विपक्षी दल बेहतर तरीके से अपने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करने में सक्षम होगा और इससे उनकी सीटों की संख्या बढ़ सकती है ।

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि लोकसभा चुनाव में दोनों पक्षों के बीच मुकाबला कड़ा रहेगा और अगर महागठबंधन आकार ले लेता है तो भाजपा के लिए यह बड़ी समस्या बन सकता है"। राय ने दावा किया कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस सहित सभी दलों के भीतर जोर-शोर से मंथन चल रहा है।


No comments: